प्रेस विज्ञप्ति
समाज कल्याण विभाग
दिनांक: 10 फरवरी 2026

सचिव, समाज कल्याण विभाग, श्रीमती बन्दना प्रेयषी द्वारा आज सीतामढ़ी जिला अंतर्गत नानपुर प्रखंड के कोयली पंचायत स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–24 एवं भदियन पंचायत स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–185 का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों पर संचालित सेवाओं, पोषण व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा आधारभूत संरचना की समग्र समीक्षा की गई।

सचिव महोदया ने केंद्र परिसरों की स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों से संवाद भी किया तथा पोषण, स्वास्थ्य जांच एवं प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान सचिव महोदया ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वीकृत लाभुकों को ALIMCO के माध्यम से कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी दिव्यांगजनों का UDID कार्ड का शत-प्रतिशत जनरेशन सुनिश्चित करने को कहा।

पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि अधिक-से-अधिक पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण 28.02.2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए, अन्यथा जिन लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित रहेगा उनका पेंशन भुगतान मार्च 2026 से अवरुद्ध रहेगा। उन्होंने RTPS के अंतर्गत संचालित सभी पेंशन योजनाओं का लाभ निर्धारित समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराने पर बल दिया। साथ ही कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना एवं राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत अधिक-से-अधिक योग्य लाभुकों को आच्छादित करने तथा मृत पेंशनधारियों को ई-लाभार्थी पोर्टल पर डेथ मार्किंग की कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत बच्चों के राशि भुगतान से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को अविलंब पूर्ण करने को भी कहा गया। सचिव महोदया ने सीतामढ़ी जिला में संचालित छहों पेंशन योजनाओं एवं अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए टीम के कार्यों की सराहना की।

बुनियाद केन्द्र की समीक्षा के क्रम में सचिव महोदया ने मोबाइल थेरेपी वैन को हमेशा कार्यशील अवस्था में रखने का निर्देश दिया। साथ ही बुनियाद केन्द्र परिसर में CSC सेंटर संचालन हेतु आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने को कहा। मोबाइल थेरेपी वैन के सुरक्षित संचालन एवं रख-रखाव के लिए शेड निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने हेतु भी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

आंगनवाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु सचिव महोदया ने सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों के लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, केंद्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित कर उसे क्रियाशील बनाने तथा FRS का न्यूनतम 90 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सचिव महोदया ने कहा कि विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित अनुश्रवण, जवाबदेही एवं क्षेत्रीय स्तर पर सतत निगरानी आवश्यक है।

निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान जिला एवं प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version