भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-बक्सर फोरलेन पर बिलौटी गांव के समीप गुरुवार की रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चाचा और दो भतीजों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में चाचा की मौत हो गई। वहीं, जख्मी दोनों भतीजों का इलाज आरा शहर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
मृतक की पहचान सिकरहटा थाना क्षेत्र के हरपुर गांव, वार्ड नंबर तीन निवासी स्व. नथुनी पाल के 43 वर्षीय पुत्र श्याम बिहारी पाल के रूप में हुई है। वे पेशे से किसान थे।
जबकि घायलों में उसी गांव के लाल बिहारी पाल के 10 वर्षीय पुत्र सुमित पाल और 14 वर्षीय पुत्र अमित पाल शामिल हैं। तीनों रिश्ते में चाचा-भतीजे लगते थे।
शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। इसे लेकर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है।
हादसे का कारण अनियंत्रित परिचालन व ओवरलोडिंग बताया जाता है। इधर, मृतक के पुत्र अमरजीत पाल ने बताया कि उनके नाना का निधन हो गया था।
श्राद्ध कर्म में होने गए थे शामिल
गुरुवार को उनके पिता श्याम बिहारी पाल अपने दोनों भतीजों सुमित और अमित के साथ बाइक से शाहपुर थाना क्षेत्र के रंडाडीह गांव स्थित अपने ससुराल में श्राद्ध कर्म में शामिल होने गए थे।
