इंस्टाग्राम पर अंजान से दोस्ती करना विकासनगर की महिला पर भारी पड़ गया। एमपी के युवक ने चिकनी-चुपड़ी बातों में महिला को फंसाया। मुलाकात के बहाने आरोपित साथी संग उनके घर आया। मौका देख महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर 18 लाख रुपये आलमारी से लेकर भाग गया। संपर्क करने पर आरोपित ने गाली-गलौज कर धमकाया।
आरोप है कि एक दिन सौरभ ने फोन पर बातचीत के दौरान उनके मौसी का बेटा दीपक घर आया। 18 लाख रुपये बहन की शादी में खर्च की बात कहते हुए हिफाजत से रखने के लिए दिया। भाई-बहन की इस बात को सौरभ यादव ने मोबाइल पर सुन लिया था। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद सौरभ उसपर शादी का दबाव बनाने लगा। पीड़िता ने कहा कि वह शादीशुदा हैं और दो छोटे बच्चे हैं।
पीड़िता ने बताया कि 27 फरवरी 2026 को सौरभ अपने साथी श्यामनाम देव के साथ दोपहर करीब 12 बजे उनके घर पहुंचा। दोनों करीब तीन घंटे तक घर पर रहे। इस दौरान सौरभ ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। इसके बाद घर में रखे 18 लाख रुपये लेकर दोनों भाग गए।
होश आने पर उन्होंने बक्सा खुला और रुपये गायब देखे। लक्ष्मी ने सौरभ को काल कर रुपये वापस मांगे तो वह आश्वासन देकर टालता रहा। पीड़िता ने सौरभ के चाचा गब्बर से संपर्क किया तो पता चला कि रुपये शिवानी यादव के पास रखे हैं।रकम मांगने पर सौरभ ने धमकाया। थाने व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पास शिकायत के बाद भी सुनवायी नहीं होने पर लक्ष्मी ने कोर्ट में अर्जी दी। आदेश पर विकासनगर पुलिस ने सौरभ यादव व श्यामनाम देव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
