आठ लाख रुपये रिश्वत मामले में पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और बिचौलिये कृष्णु शारदा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक स्वतंत्र गवाह के माता-पिता को धमकी मिलने का मामला सामने आया।
आरोप है कि गवाह पर अदालत में आरोपितों के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने के लिए ऐसा किया गया। इस संबंध में संबंधित गवाह ने सीबीआई को ई-मेल पर सूचना दी है। अदालत में मौजूद गवाह ने भी स्वीकार किया कि उसे दूसरे गवाह के परिवार को धमकी मिलने की जानकारी है।
इस घटनाक्रम से वह कुछ असहज और उलझन में नजर आया। कोर्ट ने उसे काउंसलिंग के जरिए सहज किया और कुछ समय दिया। गवाह को बिना किसी डर के बयान देने के लिए समझाया गया।
25 नवंबर को होगी जिरह
शुक्रवार को कोर्ट में मौजूद गवाह की मुख्य गवाही पूरी हो गई, लेकिन कृष्णु शारदा के वकील की मांग पर जिरह टाल दी गई। अदालत ने गवाह को 25 नवंबर के लिए तलब किया है। वहीं, स्वतंत्र गवाह के रूप में नामजद शख्स को भी अगली तारीख पर पेश होने के लिए समन जारी किया गया है।
यह है मामला
सीबीआई ने पिछले साल मंडी गोबिंदगढ़ के व्यापारी आकाश बत्ता की शिकायत पर भुल्लर और कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि बत्ता को एक आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देकर आठ लाख रुपये रिश्वत मांगी गई थी।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने भुल्लर के सेक्टर-40 स्थित आवास पर छापा मारा था जहां से करीब साढ़े सात करोड़ रुपये नकद, लग्जरी घड़ियां, सोना, महंगी शराब और संपत्ति के दस्तावेज मिले थे।
