[11/3/2026 4:27 PM] Xortechs SEO:
Forwarded from Prithvi News Channel
दीपावली से पूर्व विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का रंग-रोगन प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का टास्क
जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर की समीक्षा, कार्य में लापरवाही एवं शिथिलता पर होगी कड़ी कार्रवाई
कार्य प्रगति की प्रतिदिन शाम 6 बजे होगी समीक्षा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी को सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग कर कार्य पूरा कराने का मिला टास्क
~~~~~
मधुबनी,
29 अक्टूबर 2026
जिले के सर्वांगीण विकास को गति प्रदान करने, सरकारी भवनों की स्थिति में सुधार लाने तथा उन्हें स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा मिशन कायाकल्प के तहत कार्यों को तेज कर दिया गया है। इस दिशा में जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने गंभीर पहल करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी भवन केवल प्रशासनिक कार्यों के संचालन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये आम नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे में इन भवनों का स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित होना आवश्यक है। मिशन कायाकल्प का उद्देश्य सरकारी परिसंपत्तियों की स्थिति में सुधार लाकर उनमें उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाना तथा आम लोगों को अधिक सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।
दीपावली से पूर्व रंग-रोगन कराने का निर्देश
~~~~~~
जिलाधिकारी ने मिशन कायाकल्प के तहत प्रथम चरण में दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए सरकारी भवनों का रंग-रोगन मिशन मोड में कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर दीपावली से पूर्व स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाने तथा आवश्यक रंग-रोगन का कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर संबंधित पदाधिकारी अपने अधीनस्थ विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का रंग-रोगन एवं अन्य जरूरी सुधार कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराएं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
द्वितीय चरण में होगा जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य
~~~~~
जिलाधिकारी ने प्रथम चरण में रंग-रोगन एवं साफ-सफाई के माध्यम से सरकारी भवनों के स्वरूप में सुधार लाने को कहा , जबकि द्वितीय चरण में आवश्यकतानुसार भवनों के जीर्णोद्धार एवं निर्माण संबंधी कार्य कराए जाएंगे। इससे सरकारी भवनों की उपयोगिता बढ़ाने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मॉनिटरिंग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, प्रतिदिन होगी समीक्षा
~~~~~
जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गंभीरता से लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने अनुमंडल अंतर्गत प्रखंडों में चल रहे कार्यों की संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही, कार्यों की प्रगति में बाधा उत्पन्न होने अथवा किसी अधीनस्थ पदाधिकारी द्वारा लापरवाही बरते जाने की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट करने को कहा, ताकि संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्य की गंभीरता एवं निर्धारित समय-सीमा को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों एवं सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ प्रतिदिन शाम 6 बजे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यों की निरंतर निगरानी, समस्याओं का त्वरित समाधान तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करना है।
विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं जवाबदेही पर विशेष जोर
~~~~~~
ज्ञात हो कि मिशन कायाकल्प से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा उच्च स्तर से भी की जा रही है। ऐसे में जिलाधिकारी द्वारा इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए समयबद्ध कार्यान्वयन, नियमित अनुश्रवण एवं अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
[11/3/2026 4:27 PM] Xortechs SEO:
Forwarded from Prithvi News Channel
जिलाधिकारी की इस पहल से सरकारी भवनों की दशा में सुधार के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण जैसी बुनियादी सेवाओं के लिए उपलब्ध आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित विद्यालय बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करेंगे, वहीं स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर रखरखाव से आम नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध सेवाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित होगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य मिशन कायाकल्प को केवल भवनों के रंग-रोगन तक सीमित न रखते हुए सरकारी परिसंपत्तियों के समुचित रखरखाव, उनकी उपयोगिता में वृद्धि तथा जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जोड़ना है। जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा की प्रतिबद्धता है कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें, ताकि जिले में विकास कार्यों को नई गति मिले और आम नागरिकों को सरकारी संस्थानों में बेहतर सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
