*ब्रेकिंग न्यूज़* ■ माननीय भवन निर्माण मंत्री सह मधुबनी जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती लेशी सिंह पहुंचीं मधुबनी
■आज 19 मई से प्रारंभ हो रहे “सहयोग शिविर” में लेंगी भाग, प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण
■ आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं के लाभ पहुंचाने को लेकर सरकार प्रतिबद्ध।
मधुबनी, 18 मई 2026 :-
माननीय भवन निर्माण विभाग मंत्री सह मधुबनी जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती लेशी सिंह आज मंगलवार दिनांक 19 मई 2026 से जिले में आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” कार्यक्रम में सहभागिता हेतु मधुबनी पहुंच चुकी हैं। जिला प्रशासन द्वारा उनके आगमन एवं शिविर कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
गौरतलब हो कि राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में आज जिले के 26 पंचायतों में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निष्पादन, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनता एवं प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यह शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तीसरे मंगलवार को आयोजित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार माननीय मंत्री झंझारपुर प्रखंड के काको पंचायत, अंधराठाढ़ी प्रखंड के देवहार पंचायत तथा घोघरडीहा प्रखंड अंतर्गत विशनपुर पंचायत में आयोजित शिविर में भाग लेंगी। जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार जयनगर के बेलही पूर्वी पंचायत में आयोजित शिविर में भाग लेंगे। सहयोग शिविर के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन, आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ आमजनों की समस्याओं के निराकरण हेतु निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रशासन के समक्ष रखें तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
============ डीपीआरओ,मधुबनी
