मधुबनी। जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न विभागों की टॉप-10 प्राथमिकता वाली योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में लघु जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल मधुबनी, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल झंझारपुर तथा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल जयनगर की प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

लघु जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान एवं हर खेत तक सिंचाई का पानी कार्यक्रम के तहत संचालित योजनाओं का मूल्यांकन किया गया। इस दौरान करहरवा चेक डैम, रैय चंदा चेक डैम, महथौर गोट चेक डैम, इटहर चेक डैम सहित अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्य प्रारंभ होने की स्थिति और उनकी भौतिक प्रगति की समीक्षा की गई।

इसके बाद लोक स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए पंचायती राज विभाग के अंतर्गत उन टोलों में नई जलापूर्ति योजनाओं के निर्माण की प्रगति का प्रखंडवार एवं स्थलवार आकलन किया गया, जहां अब तक पेयजल योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाया है।

बैठक में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल जयनगर के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान प्रखंडवार कृषि विद्युत कनेक्शन, स्मार्ट मीटर स्थापना तथा अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित प्रगति रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्राथमिकता वाली योजनाओं का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा नितेश पाठक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

#Madhubani #BiharNews #AnandSharma #Development #JalJeevanHariyali #SmartMeter #Irrigation #GoodGovernance #Infrastructure #BreakingNews

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version