मधुबनी, 31 अगस्त 2026। सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत आयोजित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विभिन्न मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। लदनिया प्रखंड की निवासी बबीता देवी ने भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन दिया। वहीं पंडौल प्रखंड निवासी जगदीश दास ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत पिछले 16 वर्षों से लंबित राशि के भुगतान और संबंधित समस्या के समाधान की मांग की।

इसी क्रम में हरलाखी के रामपुर निवासी ललित नारायण यादव ने भूमि पर दखल-कब्जा दिलाने को लेकर आवेदन सौंपा। वहीं राजनगर के भटसिमर निवासी राजेंद्र साहु ने निजी खतियान से प्राप्त भूमि के संबंध में कथित जालसाजी कर गलत वंशावली तैयार करने और फर्जी केवाला के माध्यम से भूमि पर दावा किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की।

शिकायतों की जांच कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी परिवादों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

हर महीने प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर

जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं। यह ऑनलाइन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाता है।

आम नागरिक अपनी शिकायतों के समाधान के लिए RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

विद्यार्थियों के लिए हर महीने चौथे मंगलवार को सहयोग शिविर

विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों और छात्रावासों में इन शिविरों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिविरों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और प्राप्त शिकायतों के संधारण के साथ-साथ उनके नियमित अनुश्रवण की व्यवस्था भी की जाए।

विद्यार्थी अपनी समस्याएं और शिकायतें सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के लिए sahyog.bihar.gov.in पोर्टल का भी उपयोग किया जा सकता है।

प्रशासन को जनोन्मुखी और जवाबदेह बनाना उद्देश्य

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन को अधिक जनोन्मुखी, संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक और सुगम तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रशासन की ओर से नागरिकों से आपदा की स्थिति में सजग और सतर्क रहने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।

#MadhubaniNews #Madhubani #AnandSharma #BiharNews #SevaSamvadSamadhan #SabkaSammanJeevanAasan #EaseOfLiving #Sahyog #BiharGovernment #PublicGrievance

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version