मधुबनी में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर जिला प्रशासन की ओर से ‘सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली’ के तहत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर में अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार ने आमजनों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन माध्यम से 45 और ऑफलाइन माध्यम से 39 आवेदन, यानी कुल 84 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई और समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए।
कई प्रखंडों से पहुंचे लोग
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रहिका प्रखंड की सतलखा पंचायत के निवासी नितीश कुमार ने ‘माई भारत’ पोर्टल पर आपदा मित्र के रूप में पंजीकरण के बाद जिला स्तरीय आपदा मित्र प्रशिक्षण और बाढ़ सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, बेनीपट्टी प्रखंड के बलाइन मौजा निवासी जगदेव महतो ने वासभूमि का बासगीत पर्चा अपने नाम से जारी करने को लेकर आवेदन दिया।
उद्यमी योजना से लेकर आवास तक के मामले
खजौली प्रखंड के रशिदपुर पंचायत निवासी रोशन कुमार झा ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत उद्योग स्थापित करने के लिए थ्री-फेज बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की।
बेनीपट्टी प्रखंड के नागवास पंचायत निवासी विजय चंद्र चौधरी ने निजी जमीन पर घर बनाने और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। वहीं राजनगर प्रखंड के दुर्गेश कुमार चौपाल ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया।
कलुआही प्रखंड के मजरही की फेकनी देवी ने महादलित एवं भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए सरकारी भूमि आवंटित करने की मांग रखी। बाबूबरही प्रखंड के तेघरा पंचायत निवासी चुल्हाई यादव ने भी मारपीट, धमकी और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दी।
समस्या समाधान को लेकर प्रशासन गंभीर
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने-अपने कक्षों में मौजूद रहे और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
अपर समाहर्ता संतोष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पंचायत स्तर पर भी ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाता है। यह ऑनलाइन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निष्पादन किया जाता है।
नागरिक अपनी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए घर बैठे RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन: sahyog.bihar.gov.in
आपदा की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष से करें संपर्क
जिला प्रशासन ने लोगों से आपदा की स्थिति में सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन की ओर से लोगों को संदेश दिया गया है कि आपदा से बचाव के लिए समय रहते तैयारी और सतर्कता जरूरी है।#Madhubani #MadhubaniNews #SevaSamvadSamadhan #EaseOfLiving #BiharNews #BiharGovernment #PublicGrievance #MadhubaniDM #GoodGovernance
