मधुबनी जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का बेहतर अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय, मधुबनी की ओर से 10 अगस्त 2026 को एक दिवसीय नियोजन-सह-मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
वाट्सन +2 हाई स्कूल में होगा आयोजन
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार तथा निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण, बिहार, पटना के निर्देश के तहत आयोजित यह रोजगार मेला 10 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से वाट्सन +2 हाई स्कूल, मधुबनी में शुरू होगा।
मेले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। इनमें Guardians Security Pvt. Ltd., Airtel (Quess Corp Ltd.), First Fly Corporate Services, HCC Sweksha Nidhi Ltd., K.K. Enterprises, Lerner Pvt. Ltd., Nav Bharat Fertilizer, SIS Security Agency, Umoja Marketplace Pvt. Ltd., Vision India Services Pvt. Ltd. और RSG Sales Services Pvt. Ltd. सहित अन्य कंपनियां शामिल होंगी।
कौन-कौन से दस्तावेज लेकर पहुंचें?
जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार, रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ जरूरी दस्तावेज लाने होंगे। इनमें शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, नियोजनालय का निबंधन कार्ड, पहचान पत्र और बायोडाटा शामिल हैं।
मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
नियोजन मेले में अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। जिला नियोजनालय ने जिले के अधिक से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान होने वाली भर्ती के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे। विभाग और जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता की होगी।#Madhubani #MadhubaniNews #JobFair #JobFair2026 #EmploymentFair #BiharNews #BiharJob #Career #RojgarMela #YouthEmployment
