मधुबनी, 24 अगस्त 2026। मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में ‘सेवा-संवाद-समाधान’ अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम में आम लोगों से सीधे संवाद किया। इस दौरान विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

जनसंवाद के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए दर्जनों लोगों ने सरकारी योजनाओं और स्थानीय स्तर पर होने वाली परेशानियों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। डीएम ने प्रत्येक मामले की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनसुनवाई में पंडौल प्रखंड के जितेंद्र कुमार ठाकुर ने जमीन के नाम पर रुपये लेकर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत की। वहीं, अंधराठाढ़ी प्रखंड के अंधरा गांव निवासी विजय शंकर चौधरी ने सुगरवे नदी पर लघु सिंचाई विभाग द्वारा अधूरे छोड़े गए जलापूर्ति कार्य को पूरा कराने और नियमित जलापूर्ति बहाल करने के लिए आवेदन दिया।

मधेपुर प्रखंड के बाथ गांव निवासी हरिशंकर झा ने क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक की शिकायत करते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने वन विभाग से बंदरों को पकड़ने और बंदरों के हमले से प्रभावित लोगों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत बरसाम, प्रखंड मधेपुर में पदस्थापित पंचायत सचिव दुर्गेश कुमार और तकनीकी सहायक के अनुपस्थित रहने, कथित अभद्र व्यवहार करने और विकास कार्य प्रभावित होने से संबंधित शिकायत भी सामने आई। जिलाधिकारी ने संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने-अपने कार्यालय कक्षों में मौजूद रहे और जिले के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की प्रक्रिया शुरू की।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि ‘सेवा-संवाद-समाधान’ अनुश्रवण प्रणाली का उद्देश्य आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनहितैषी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं निष्पक्ष तरीके से निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाता है। यह ऑनलाइन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकते हैं तथा प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जाता है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करें।

ऑनलाइन आवेदन:
RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल

आवेदन प्रक्रिया:

  1. सहयोग पोर्टल पर जाएं।
  2. अपनी शिकायत या समस्या ऑनलाइन दर्ज करें।
  3. आवेदन के माध्यम से संबंधित विभाग तक अपनी समस्या पहुंचाएं।#Madhubani #MadhubaniNews #AnandSharma #SevaSamvadSamadhan #SabkaSammanJeevanAasan #EaseOfLiving #RTMS #SahyogPortal #BiharNews #JanSamvad #PublicGrievance #DistrictAdministration #मधुबनी #जनसुनवाई #बिहारन्यूज़
Share.
Leave A Reply

Exit mobile version