मधुबनी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के विभिन्न जिलों में नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया। इसी क्रम में मधुबनी जिले के सात नए डिग्री कॉलेजों का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। जिले के खुटौना प्रखंड स्थित नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने हिस्सा लिया और छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो केवल एक व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज की दिशा बदलने का सामर्थ्य रखती है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और समर्पण की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण ही समाज के प्रति सबसे बड़ा योगदान है।

उद्घाटन समारोह को झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल ने भी संबोधित किया और उच्च शिक्षा के विस्तार को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

जिले में जिन सात नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ किया गया, उनमें खजौली, बासोपट्टी, बिस्फी, हरलाखी, फुलपरास, खुटौना और लौकही के डिग्री महाविद्यालय शामिल हैं।

इन महाविद्यालयों के उद्घाटन कार्यक्रम में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लिया। खुटौना में उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह, लौकही में जिला पंचायत राज पदाधिकारी राकेश कुमार झा, खजौली में अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण) राजेश कुमार, फुलपरास में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) संतोष कुमार, बासोपट्टी में अपर समाहर्ता (राजस्व) मुकेश रंजन तथा बिस्फी में जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू उपस्थित रहे।

खुटौना में आयोजित उद्घाटन समारोह में सांसद रामप्रीत मंडल, उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version