मधुबनी। जिले में एलपीजी गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को जिले में कुल 16,054 एलपीजी उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई। इसी दिन विभिन्न तेल कंपनियों के माध्यम से कुल 15,278 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति जिले में हुई। इनमें इंडियन ऑयल (IOCL) के 6,590, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के 4,650 तथा भारत पेट्रोलियम (BPCL) के 4,038 सिलेंडर शामिल हैं।

प्रशासन ने कहा है कि बुकिंग के अनुरूप तेजी से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश

जिला प्रशासन ने जिले के सभी गैस वितरकों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक उपभोक्ता तक शत-प्रतिशत होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई गैस एजेंसी उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि की मांग करती है, वितरण में अनावश्यक देरी करती है या किसी अन्य प्रकार की लापरवाही बरतती है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता गैस की बुकिंग न करें तथा घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही करें। इसके अलावा कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध भंडारण की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने की भी अपील की गई है।

किसी भी शिकायत या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।

पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक

जिला प्रशासन के अनुसार जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। 15 जुलाई 2026 तक जिले में 967.1 हजार लीटर पेट्रोल तथा 1,127.5 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।

प्रशासन ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

जिला प्रशासन ने कहा है कि एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version