मधुबनी। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच आम लोगों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को सड़कों पर बने गड्ढों (पॉटहोल्स) की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने पत्र जारी कर कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान विभिन्न सड़कों पर गड्ढे बनने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है और आवागमन भी प्रभावित होता है। ऐसे में सभी कार्यपालक अभियंताओं एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य उच्च पथ, प्रमुख जिला सड़क, ग्रामीण सड़क समेत सभी श्रेणी की सड़कों पर बने गड्ढों की पहचान कर उन्हें अविलंब भरने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी भी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क मरम्मत का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के मौसम में आम लोगों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रीय निरीक्षण कर मरम्मत कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को भी कहा है।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सड़क के गड्ढों की मरम्मत से पहले और बाद की जियो-टैग्ड तस्वीरें प्रतिवेदन के साथ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का प्रभावी सत्यापन किया जा सके।

जिला प्रशासन ने कहा है कि वर्षा ऋतु में सड़क सुरक्षा और निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय रहकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version