बगहा के बगहा-दो अंचल प्रशासन ने सरकारी जमीनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने अंचल क्षेत्र के लगभग 35 हजार खेसरा की जमीन की खरीद-बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।

अंचल कार्यालय की ओर से इन सभी खेसरों की विस्तृत सूची तैयार कर निबंधन कार्यालय को भेज दी गई है, ताकि इन जमीनों की रजिस्ट्री पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जा सके।

सरकारी संपत्ति के रूप में दर्ज हैं जमीनें

प्रशासन के अनुसार, चिह्नित सभी खेसरा गैर मजरूआ मालिक और बेतिया राज की भूमि के रूप में दर्ज हैं। इस श्रेणी की जमीनें सरकारी संपत्ति मानी जाती हैं, जिनका निजी लेन-देन नियमों के विरुद्ध है।

ऐसे में इन जमीनों की खरीद-बिक्री को अवैध मानते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद कार्रवाई

अंचल अधिकारी वसीम अकरम ने जानकारी दी कि विभिन्न हल्कों में राजस्व अभिलेखों की गहन जांच के बाद इन जमीनों की पहचान की गई है।

उन्होंने बताया कि सभी चिह्नित खेसरों की हल्का-वार सूची तैयार कर निबंधन कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री पर रोक लगाई जा सके और सरकारी भूमि को सुरक्षित रखा जा सके।

भूमि फर्जीवाड़े पर लगेगी लगाम

प्रशासन के इस कदम को भूमि फर्जीवाड़े पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे अवैध तरीके से सरकारी जमीनों की खरीद-बिक्री करने वालों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version