दरभंगा जिले में एक बार फिर बैंक ग्राहक अपराधियों के निशाने पर हैं। बहेड़ा, अलीनगर और कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही वारदातों ने आम लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।

हालात यह हैं कि दिनदहाड़े बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे ग्राहकों को बदमाश निशाना बना रहे हैं, जबकि पुलिस इन घटनाओं पर लगाम लगाने में अब तक नाकाम साबित हुई है।

नई-नई तरकीबों से वारदात को अंजाम

अपराधी वारदात को अंजाम देने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कहीं रुपये से भरे बैग झपट लिए जा रहे हैं, तो कहीं पीड़ितों को कागज के बंडल थमाकर असली रकम लेकर फरार हो जा रहे हैं।

इतना ही नहीं, कुछ मामलों में बदमाशों द्वारा शरीर पर खुजली पैदा करने वाला केमिकल डालकर ध्यान भटकाया जाता है और फिर वारदात को अंजाम दिया जाता है।

सीसीटीवी में कैद, फिर भी गिरफ्त से दूर

इन घटनाओं की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी हैं, बावजूद इसके पुलिस अब तक किसी भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। इससे साफ है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version