*समाहरणालय, मधुबनी*
================
*जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
================
*प्रेस विज्ञप्ति*
*दिनांक – 10/06/2026*
================
*प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिली सफलता, विष्णुदेव गुप्ता बने आत्मनिर्भरता की मिसाल*
———————————————-
*मधुबनी 10 जून 2026*
*प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के माध्यम से मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलीराजपुर गांव के निवासी विष्णुदेव गुप्ता ने अपनी मेहनत और लगन से सफल उद्यमी बनने का सपना साकार किया है। इंटरमीडिएट शिक्षित विष्णुदेव गुप्ता पूर्व से ही उद्योग क्षेत्र में कार्यरत थे, जिससे उन्हें डिटर्जेंट पाउडर एवं साबुन निर्माण इकाई स्थापित करने की प्रेरणा मिली।*
*जिला उद्योग केंद्र, मधुबनी से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त होने के बाद उन्होंने आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने पर उन्हें 25 लाख रुपये का ऋण मिला, जिसमें 35 प्रतिशत अनुदान भी शामिल था। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने आधुनिक मशीनों की स्थापना कर वर्ष 2022 में अपने उद्योग की शुरुआत की।*
*शुरुआती दौर में कुशल कारीगरों की कमी एक बड़ी चुनौती थी। हालांकि उन्होंने स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर उत्पादन कार्य प्रारंभ किया और धीरे-धीरे अपने उत्पादों को बाजार में पहचान दिलाई। वर्तमान में उनकी इकाई में डिटर्जेंट पाउडर एवं साबुन का उत्पादन किया जाता है, जिसकी मांग बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ नेपाल तक है।*
*विष्णुदेव गुप्ता बताते हैं कि उनकी इकाई का वर्तमान वार्षिक टर्नओवर लगभग 1.20 करोड़ रुपये है। उद्योग के माध्यम से उन्होंने स्थानीय स्तर पर आठ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। इससे न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि स्थानीय युवाओं को भी अपने गांव में ही रोजगार का अवसर मिला है।*
*भविष्य में वे अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर उद्योग का विस्तार करना चाहते हैं ताकि बढ़ती बाजार मांग को पूरा किया जा सके। युवा उद्यमियों को संदेश देते हुए विष्णुदेव गुप्ता कहते हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार शुरू करें और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ें।*
———————- ———————————————————————
================
*बिहार में शराब का व्यापार एवम सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबधित जानकारी टॉल फ्री नंबर 15545 या 18003456268 एवम जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर ’06276-222576 पर भी ’जरूर दे। आपकी पहचान गोपनीय रखी जायेगी ।*
================
================
*DPRO,MADHUBANI*
