सीतामढ़ी, 12 अगस्त 2026। जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी के 18 मई 2026 को जारी निर्देश के आलोक में आम लोगों की शिकायतों को सुलभ तरीके से प्राप्त करने और उनके प्रभावी समाधान के उद्देश्य से परसौनी प्रखंड की परसुरामपुर पंचायत में 18 अगस्त 2026 को ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा।

प्रखंड विकास पदाधिकारी, परसौनी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान व्यवस्था के अतिरिक्त पंचायत स्तर पर इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आम लोगों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे प्राप्त कर संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

आदेश के अनुसार 18 अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे परसुरामपुर पंचायत सरकार भवन में सभी विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और पंचायत के सभी संबंधित कर्मियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों एवं कर्मियों की मौजूदगी में शिविर का संचालन किया जाएगा और लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शिविर को लेकर पंचायत सचिव एवं पंचायत स्तर के सभी कर्मियों, सभी वार्ड सदस्यों एवं ग्राम कचहरी पंच, उप मुखिया एवं उप सरपंच तथा परसुरामपुर पंचायत के मुखिया, सरपंच और संबंधित पंचायत समिति सदस्य को भी सूचना दी गई है।

इसके साथ ही थानाध्यक्ष परसौनी, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, अंचल अधिकारी परसौनी तथा प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को भी शिविर के संबंध में सूचित किया गया है। जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख एवं उपप्रमुख को भी इसकी जानकारी दी गई है।

वहीं, नोडल-सह-अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, बेलसंड, अनुमंडल पदाधिकारी बेलसंड, उप विकास आयुक्त सीतामढ़ी और जिला पदाधिकारी सीतामढ़ी को आदेश की प्रति सादर सूचना के लिए भेजी गई है।

प्रखंड प्रशासन के अनुसार सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए सुविधाजनक मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों से जुड़ी जन समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।#Sitamarhi #Parsauni #Parsurampur #SahayogShivir #SitamarhiNews #BiharNews #JanShikayat #PublicGrievance #GrievanceRedressal #BiharAdministration #ParsauniNews #PublicService

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version