मधुबनी,
28 अक्टूबर 2026

युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से बुधवार को नगर भवन, मधुबनी में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन किया गया। उत्सव के अंतर्गत समूह लोकगीत, समूह नृत्य, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का उद्घाटन माननीय विधान पार्षद (एमएलसी) श्री घनश्याम ठाकुर, अपर समाहर्ता श्री मुकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार झा, उत्पाद अधीक्षक श्री विजय कांत ठाकुर एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री नीतीश कुमार, मधुबनी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

उद्घाटन सत्र के पश्चात कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिरुचि का प्रदर्शन किया।

जिला के प्रतिभाशाली कलाकारों ने अपने-अपने विधा में उल्लेखनीय प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतिभागियों में काफी उत्साह देखा गया। प्रत्येक कलाकार समूह की प्रस्तुति के उपरांत निर्णायक मंडल के द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किए गए ताकि उन्हें अपनी कलात्मक प्रस्तुति में आवश्यक सुधार भी किया जा सके।

जिला स्तरीय युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें कला, साहित्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने तथा जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version