नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी सहित एनसीआर क्षेत्र में बुधवार की सुबह घने कोहरे की चादर छाई हुई है। इससे विजिबिलिटी के स्तर में काफी कमी आई है, जिससे सड़क से लेकर हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। घने कोहरे से सड़कों पर गाड़ियों के रफ्तार पर ब्रेक लगी है। उत्तर, गुरुग्राम व नोएडा चौथे दिन कोहरे का असर देखने को मिला है। घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी का स्तर 10 मीटर से भी कम दर्ज किया गया। इससे सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए।
साथ ही तापमान में गिरावट से सर्दी और बढ़ी है। वहीं, दिल्लीवासियों को प्रदूषित हवा से राहत मिलती नजर नहीं आ रही। आज भी दिल्ली की हवा “बेहद खराब” श्रेणी में दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, बुधवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 312 दर्ज किया गया, बहुत खराब श्रेणी में आता है। राजधानी के कई इलाकों में यही हालात हैं। हालांकि मंगलवार को भी दिल्ली की वायु गुणवत्ता “खराब” श्रेणी में ही दर्ज की गई, लेकिन 17 इलाकों पर एक्यूआई 300 से अधिक दर्ज किया गया जो “बहुत खराब” श्रेणी में आता है।
हवा गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि आने दो दिनों के बीच हवा का गति कम होने से चलती वायु गुणवत्ता “खराब” श्रेणी में ही रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 272 दर्ज किया गया था। सोमवार को यह 210 दर्ज किया गया था। यानी 24 घंटे के दौरान इसमें 62 अंकों की वृद्धि देखने को मिली।
