जन संपर्क प्रशाखा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक–28–04–2026
तीन चौकीदारों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
जिले में कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं संदिग्ध आचरण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए तीन चौकीदारों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है।
चौकीदार शिवनंदन राम, थाना–बाजपट्टी को विधि-व्यवस्था संधारण हेतु गश्ती ड्यूटी पर तैनात किया गया था, किंतु वे ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इसे कर्तव्य के प्रति स्पष्ट लापरवाही माना गया है।
वहीं, चौकीदार लाल देव बैठा ,थाना–सहियारा द्वारा एक पेट्रोल पंप पर तैनात नोजल मैन के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सहियारा थाना में कांड दर्ज किया गया है। उक्त घटना को उनके कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, संदिग्ध आचरण एवं मनमाने रवैये का परिचायक माना गया है।
इसके अतिरिक्त, चौकीदार चुनचुन पासवान थाना–सुरसंड। रीगा थाना कांड संख्या 50/2024 में भारतीय दंड विधान की विभिन्न गंभीर धाराओं के अभियुक्त पाए गए हैं, जो सेवा आचरण के विरुद्ध है।
इन तीनों मामलों को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा जिलाधिकारी को विभागीय कार्रवाई संचालित करने की अनुशंसा भेजी गई थी। उक्त अनुशंसा के आलोक में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित चौकीदारों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा श्री अमूल्य रत्न द्वारा दी गई।
[28/04, 8:40 pm] Kamal G Dpro Sitamarhi: प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 28 अप्रैल 2026
▪️▪️▪️▪️▪️▪️▪️▪️
मेहसौल ओवरब्रिज परियोजना को लेकर आज जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष बचे हुए कार्यों को हर हाल में 25 मई तक पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, गति एवं सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद अभियंताओं एवं संवेदक को निर्देशित किया कि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कर जनता को समर्पित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक बल को बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अतिरिक्त होमगार्ड बल की तैनाती के लिए मुख्यालय से पत्राचार किया गया है। जाम से निबटने के लिए प्रशासन द्वारा समन्वित कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आरओबी निर्माण में रेलवे से संबंधित हिस्से के निर्माण कार्य को लेकर रेलवे के वरीय पदाधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक की जाएगी तथा पत्राचार भी किया जा रहा है। इस परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा भी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कार्यरत एजेंसी को निर्देश दिया कि वे अपने मैनपॉवर एवं मशीनरी में वृद्धि करते हुए शेष कार्यों को हर हाल में 25 मई तक पूर्ण करें। साथ ही एजेंसी के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी तथा लगाए गए संसाधनों का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा। मौके पर एजेंसी के प्रतिनिधि एवं बिहार राज्य पुल र्निमाण निगम लिमिटेड के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
