*समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधुबनी
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 01 जून 2026
जिले में “खेत बचाओ अभियान” की हुई शुरुआत, प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा
मधुबनी जिले में किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने तथा टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज दिनांक 01 जून 2026 से “खेत बचाओ अभियान” का शुभारंभ किया गया। यह अभियान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार तथा कृषि विभाग, बिहार सरकार से प्राप्त निर्देशों के आलोक में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), मधुबनी द्वारा केंद्र प्रायोजित नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग (NMNF) योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती की अवधारणा से जोड़ते हुए रासायनिक उर्वरकों एवं बाहरी कृषि उपादानों पर निर्भरता कम करना, मृदा स्वास्थ्य में सुधार लाना, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति कृषि को अधिक लचीला बनाना तथा उत्पादन लागत में कमी लाकर किसानों की आय एवं लाभप्रदता को बढ़ाना है।
इस अभियान के दौरान कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों तथा तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग, मृदा संरक्षण, जल संरक्षण तथा सतत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत किसान संवाद, खेत प्रदर्शन, किसान प्रशिक्षण, तकनीकी परिचर्चा एवं किसान रैली जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से किसानों को नई कृषि तकनीकों एवं प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त खाद्य तेल की खपत में कमी लाने हेतु स्वस्थ जीवनशैली एवं संतुलित खान-पान अपनाने के संबंध में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। रासायनिक उर्वरकों के विवेकपूर्ण एवं कम उपयोग के संबंध में भी विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक सलाह प्रदान की जाएगी।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के माननीय मंत्री महोदय द्वारा इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी माननीय सांसदगण, माननीय विधायकगण, जिला परिषद अध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में भाग लेने का अनुरोध किया गया है।
अभियान के प्रथम दिवस आज रहिका प्रखंड अंतर्गत सनौर पंचायत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कृषि विभाग की प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सुश्री मधुमिता, सहायक तकनीकी प्रबंधक श्री विकास कुमार सिंह एवं किसान सलाहकार श्री सूर्य भूषण झा उपस्थित रहे। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र, सुखेत से डॉ. रीता देवी यादव (विषय वस्तु विशेषज्ञ) एवं प्रभावती झा (वरीय तकनीकी विशेषज्ञ) ने भाग लेकर किसानों को प्राकृतिक खेती, मृदा उर्वरता संरक्षण, जैविक संसाधनों के उपयोग तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं तकनीकी सुझाव दिए।
उल्लेखनीय है कि “खेत बचाओ अभियान” जिले के सभी प्रखंडों में 01 जून से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से हजारों किसानों तक प्राकृतिक खेती का संदेश पहुंचाया जाएगा तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कम लागत एवं अधिक लाभ वाली कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा प्राकृतिक खेती को अपनाकर अपनी कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में योगदान दें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version