प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक : 01 जुलाई 2026

जिलाधिकार श्री रिची पांडे द्वारा आज मेजरगंज प्रखंड अंतर्गत बहेरा पंचायत के विश्वंभरपुर नन्हकार स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की व्यवस्था तथा उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 12 के विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं तथा विद्यालय में दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा एवं क्षमता निहित होती है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों की रुचि एवं नैसर्गिक प्रतिभा की पहचान कर उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित एवं मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने विद्यार्थियों के नियमित काउंसलिंग सत्र आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि वे अपने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा के संबंध में उचित निर्णय ले सकें।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करते हुए कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन किया जाए तथा उनकी सीखने की क्षमता में सुधार हेतु अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नियमित रूप से करियर गाइडेंस एवं मोटिवेशनल सत्र आयोजित किए जाएं, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता विकसित हो सके।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाए। साथ ही विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ एवं क्रियाशील बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा परिणाम का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य निर्माण का आधार है। इसलिए शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करना चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version