आंध्र प्रदेश के रहने वाले 33 साल के भारतीय IT प्रोफेशनल और स्टूडेंट, वेंकटेश डोप्पलापुडी की अमेरिका के कंसास में अचानक आई बाढ़ के तेज बहाव में बह जाने से मौत हो गई।

शनिवार दोपहर वेंकटेश डोप्पलापुडी ह्यूस्टन जा रहे थे, तभी कंसास के कई इलाकों में जबरदस्त तूफान आया। इस तूफान में 6 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी थी।

बाढ़ में बहने से भारतीय युवक की मौत

सफर के दौरान वेंकटेश की गाड़ी बाढ़ में बह गई। समर काउंटी के इमरजेंसी रेस्पॉन्डर्स ने बताया कि चश्मदीदों ने एक पुल के पास कार को डूबा हुआ देखा, जिसमें डोप्पलापुडी भी मौजूद थे।

हालांकि बचाव दल मौके पर पहुंच गया था, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वे उन्हें बचाने के लिए अंदर नहीं जा सके।

पुलिस ड्रोन और कंसास हाईवे पेट्रोल एयर यूनिट की मदद से कई एजेंसियों ने मिलकर तलाशी अभियान चलाया और अगले दिन डोप्पलापुडी का शव बरामद किया गया।

भारत लाया जाएगा शव

ह्यूस्टन में भारत के वाणिज्य दूतावास (Consulate General) ने वेंकटेश डोप्पलापुडी की मौत पर शोक व्यक्त किया है और पुष्टि की है कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

बयान में कहा गया, ‘ह्यूस्टन में भारत का वाणिज्य दूतावास आंध्र प्रदेश के भारतीय छात्र श्री वेंकटेश डोप्पलापुडी की दुखद मौत से बहुत दुखी है, जिनकी कंसास में अचानक आई बाढ़ के पानी में जान चली गई। वाणिज्य दूतावास इस मुश्किल समय में उनके परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।’

बयान में आगे कहा गया, ‘वाणिज्य दूतावास परिवार और करीबी लोगों के संपर्क में है और हर संभव मदद के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल बैठा रहा है।’

वेंकटेश डोप्पलापुडी के शव को भारत लाने में मदद के लिए एक ‘GoFundMe’ कैंपेन शुरू किया गया है, ताकि उनका परिवार अंतिम संस्कार कर सके। जमा किए गए पैसे का इस्तेमाल ट्रांसपोर्टेशन, अंतिम संस्कार और अन्य खर्चों के लिए किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version