समाहरणालय सीतामढ़ी
जन संपर्क प्रशाखा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक–29 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय के द्वारा सुरसंड प्रखंड अंतर्गत श्रीखंडी भिट्ठा (पूर्वी) पंचायत में योजनाओं का निरीक्षण किया गया।साथ ही प्रखंड मुख्यालय में आयोजित बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनी गई एवं उसके निष्पादन की दिशा में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
(निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निरीक्षण)
क्षेत्र भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी ने भिट्ठा मोड़ बॉर्डर पर बन रहे इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट निर्माण की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण निर्धारित अवधि के अंदर करना सुनिश्चित करें। मालूम हो कि इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट निर्माण की अनुमानित राशि 349 करोड़ 70 लाख है।तीन साल में इसे पूरा करना है। यह चेक पोस्ट सीमा पार व्यापार और सुरक्षा को बेहतर बनाएगा। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी ।साथ ही बुनियादी ढांचे में भी सुधार होगा।
(अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण)
जिलाधिकारी द्वारा श्रीखंडी भिट्ठा (पुर्वी) पंचायत में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सुरसंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को विजिट किया गया। उक्त केंद्रों का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में ड्यूटी से अनुपस्थित रहना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने मरीजों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने, परिसर की नियमित सफाई, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निपटान को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने टीकाकरण कार्यक्रम को शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ संचालित करने, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने तथा रोगियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के साथ संस्थागत प्रसव में वृद्धि करने की बात कही।
(पंचायत भवन एवं विद्यालय का निरीक्षण)
जिलाधिकारी द्वारा श्रीखंडी भिट्ठा (पूर्वी) पंचायत स्थित पंचायत भवन एवं राजकीय माध्यमिक कन्या विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में पंचायत भवन में संचालित आरपीएस केंद्र का निरीक्षण किया गया एवं सभी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए। विद्यालय के निरीक्षण के क्रम में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के लापरवाही पूर्ण रवैए को देखते हुए उन्हें फटकार लगाई गई है तथा निर्देश दिया गया कि इन्हें प्रभाव से मुक्त किया जाए।
(सबका सम्मान जीवन आसान के तहत कार्यक्रम आयोजित)
बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय –3अंतर्गत “सबका सम्मान ,जीवन आसान” के तहत सुरसंड प्रखंड परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन कर जिलाधिकारी द्वारा आम जनों की समस्याओं को सुना गया । कार्यक्रम में आम जनों के अलावे स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम में भूमि विवाद से संबंधित सबसे अधिक मामले आए। इसके अतिरिक्त राशन कार्ड ,शौचालय भुगतान ,पेयजल समस्या, सड़क अतिक्रमण, एंबुलेंस उपलब्धता, श्रम कार्ड,फसल क्षति अनुदान,विद्युत पोल की अनुपलब्धता,सोलर स्ट्रीट लाइट की मरम्मती, परिमार्जन/दाखिल खारिज की स्थिति, खाद्यान्न वितरण, सड़क निर्माण में लापरवाही, पंचायत भवनों में कर्मियों की अनुपस्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक की कमी, भूमि विवाद, नल–जल योजनाओं एवं सरकारी योजनाओं हेतु भूमि उपलब्धता, जैसी विभिन्न समस्याएं रखीं गई।
इन सभी बिंदुओं पर जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों को इसके निस्तारण करने का निर्देश दिया।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी पुपरी गौरव कुमार,डीसीएलआर पुपरी डॉ अनंत कुमार,डीपीआरओ कमल सिंह, संबंधित प्रखंड के बीडीओ , सीओ ,सीडीपीओ तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
