समाहरणालय सीतामढ़ी
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक–23 सितंबर 2026
जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने आज डुमरा प्रखंड अंतर्गत राघोपुर बखरी स्थित मत्स्य ब्रूड बैंक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मत्स्य प्रजनन की संपूर्ण प्रक्रिया, हैचरी की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न प्रकार के विकसित टैंकों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मत्स्य उत्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने, वैज्ञानिक पद्धति से संचालन सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि लगभग 38 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित इस मत्स्य बीज फार्म में 18 तालाब एवं 1 हैचरी संचालित है। यह अत्याधुनिक मत्स्य ब्रूड बैंक राज्य में मत्स्य नस्ल सुधार की दिशा में स्थापित अपनी तरह की पहली इकाई है। इस परियोजना का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज का उत्पादन कर मत्स्य पालकों को उपलब्ध कराना, उन्नत नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन करना तथा मत्स्य उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ मत्स्य पालकों की आय बढ़ाना है।
आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित ऐसे मत्स्य केंद्र जिले एवं राज्य में मत्स्य क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ब्रूड बैंक के समुचित रख-रखाव, समयबद्ध संचालन तथा मत्स्य पालकों को अधिकतम लाभ पहुंचाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ आनंद कुमार,जिला मत्स्य पदाधिकारी ,डीपीआरओ कमल सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
