समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 06 /05/2026
⬛️ जिलाधिकारी आनंद शर्मा सहित वरीय अधिकारियों ने जिलेभर में गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों का किया सघन औचक निरीक्षण
⬛️ एलपीजी की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश, लंबी कतार मिलने पर होगी कार्रवाई
⬛️ आम नागरिकों को आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी जाएगी : जिलाधिकारी
⬛️ जांच उपरांत सभी अधिकारियों ने गूगल प्रपत्र के माध्यम से उपलब्ध कराया विस्तृत प्रतिवेदन
मधुबनी, 06 मई 2026 :
जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश के आलोक में जिलेभर में घरेलू गैस (एलपीजी) एवं पेट्रोल/डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक स्तर पर सघन जांच एवं औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों, एलपीजी वितरकों एवं पेट्रोल पंपों पर प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण कर विस्तृत जांच की गई तथा सभी अधिकारियों ने उपलब्ध कराए गए गूगल प्रपत्र में अपना जांच प्रतिवेदन समर्पित किया।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्वयं इंडेन ग्रामीण वितरक बेलही ,जयनगर सहित कई गैस एजेंसियों एवं वितरण केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि मीडिया के विभिन्न माध्यमों से कुछ गैस एजेंसियों पर लंबी लाइन की सूचना प्राप्त हो रही है। उन्होंने इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर हाल में एलपीजी उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी गैस एजेंसी में अनावश्यक भीड़ अथवा लंबी कतार पाए जाने पर संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि गैस एजेंसियों का दायित्व है कि उपभोक्ताओं को समय पर एवं व्यवस्थित सेवा उपलब्ध कराएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन द्वारा चलाया गया यह अभियान आम उपभोक्ताओं को आवश्यक सेवाओं की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी प्रकार की कृत्रिम अभाव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने के उद्देश्य से संचालित किया गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने गैस वितरण केंद्रों पर उपभोक्ताओं की कतार व्यवस्था, एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता, होम डिलीवरी प्रणाली, ऑनलाइन बुकिंग से संबंधित शिकायतों, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था, एजेंसी कर्मियों की उपस्थिति तथा गोदामों के सत्यापन की गहन समीक्षा की।
इसी प्रकार जिले के विभिन्न पेट्रोल एवं डीजल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता, भंडारण क्षमता, उपभोक्ता सुविधाएं, सुरक्षा मानकों का अनुपालन, DOs एवं DON’Ts संबंधी सूचना प्रदर्शन तथा अनावश्यक भंडारण एवं कालाबाजारी रोकने से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जांच की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों को आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने देगा। प्रशासन लगातार संपूर्ण स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आगे भी नियमित निरीक्षण, मॉनिटरिंग एवं आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रतिनियुक्त अधिकारियों द्वारा निर्धारित तिथि को समय पर निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया, जिससे प्रशासन को जमीनी स्थिति का समुचित एवं वास्तविक आकलन प्राप्त हुआ। निरीक्षण अभियान के दौरान अधिकांश गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों पर ईंधन एवं गैस की उपलब्धता सामान्य पाई गई तथा उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से सेवा प्रदान की जा रही थी।
हालांकि जांच के क्रम में कुछ एजेंसियों के कर्मियों के व्यवहार, कार्यप्रणाली एवं उपभोक्ता सेवा में कमियां भी पाई गईं। इस संबंध में संबंधित जांच पदाधिकारियों द्वारा अग्रेतर कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया गया है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडर अथवा पेट्रोल/डीजल की कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने, अधिक राशि वसूले जाने अथवा उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार जैसी शिकायत सामने आती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित प्रखंड प्रशासन अथवा जिला नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।– —————————————————————————————* ..*
*आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे। किसी भी प्रकार की* *सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर*06276-222576 पर करे संपर्क।।**
=============== ===
।**
# DPRO,Madhubani
