यमुनापार में बारा थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में शराब पार्टी के बाद 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुंदरपुर निवासी स्व. मुन्नालाल के पुत्र रामराज के रूप में हुई। परिवार के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। युवक की मौत को लेकर गांव में चर्चा है।
बताया गया कि 20 अगस्त की रात रामराज के साढ़ू के घर जन्मदिन पार्टी थी। इसमें रामराज ने अपने रिश्तेदारों के साथ जमकर शराब पी। देर रात वह तीन रिश्तेदारों को लेकर अपने घर पहुंचा। इसके बाद सुबह चारों ने फिर साथ बैठकर शराब पी। ग्रामीणों के अनुसार, इस दौरान रामराज को बाइक से घूमते हुए भी देखा गया था।परिवार के लोगों के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे पत्नी अंतिमा ने अपनी सास प्रेमवती को बताया कि रामराज काफी देर से उठ नहीं रहा है। इस पर सास ने जाकर देखा तो उसकी हालत असामान्य थी। इसके बाद मामले की लिखित सूचना पुलिस को दी गई। रामराज की मौत हो चुकी थी।
