समाहरणालय, मधुबनी

जिला जनसम्पर्क कार्यालय

प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 03 /05/2026

⬛️ इमरजेंसी सेवाओं में एक माह के भीतर दिखे ठोस सुधार, अन्यथा होगी सख्त कार्रवाई: जिलाधिकारी
मधुबनी, 03 मई 2026 :
जिलाधिकारी आनंद शर्मा द्वारा आज सदर अस्पताल, मधुबनी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों एवं कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने उपस्थित अस्पताल उपाधीक्षक को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इमरजेंसी सेवाओं को अगले एक माह के भीतर इस स्तर तक सुदृढ़ किया जाए कि किसी भी मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर करने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इमरजेंसी वार्ड में वरीय एवं अनुभवी चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा केवल जूनियर डॉक्टरों के भरोसे व्यवस्था नहीं छोड़ी जाए।
जिलाधिकारी श्री शर्मा ने कहा कि इमरजेंसी सेवाओं को बेहतर बनाने हेतु जो भी आधारभूत सुविधाएं एवं संसाधन आवश्यक हों, उसका विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि एक माह के भीतर व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिखने पर संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई की स्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया और आवश्यक सुधार हेतु मौके पर ही निर्देश दिए।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री चंदन झा, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री नितेश कुमार पाठक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी के इस निरीक्षण से सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में त्वरित सुधार की उम्मीद जताई जा रही है तथा आमजन को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता पुनः स्पष्ट हुई है।– —————————————————————————————* ..*

  *आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे।  किसी भी प्रकार की* *सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर  पर*06276-222576  पर करे संपर्क।।**                         

=============== ===

**

# DPRO,Madhubani

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version