प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक – 19.05.2026

PMEGP योजना के तहत स्थापित “विमल एग ट्रे” इकाई का भव्य शुभारंभ
जिला उद्योग केन्द्र के तत्वावधान में दिनांक 18 मई 2026 को PMEGP योजना के अंतर्गत स्थापित “विमल एग ट्रे” इकाई का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक, उद्योग विभाग के पदाधिकारीगण एवं स्थानीय मुखिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि यह जिले की पहली ऐसी औद्योगिक इकाई है, जहां अंडों के उपयोग में आने वाले एग ट्रे का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह इकाई भारत सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) योजना के तहत स्थापित की गई है। योजना का उद्देश्य जिले में अधिक से अधिक लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है।
उन्होंने बताया कि उक्त इकाई की स्थापना हेतु बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया गया है। इस इकाई के शुरू होने से अब अंडा व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण एग ट्रे आसानी से उपलब्ध हो सकेगा, जिससे समय एवं लागत दोनों की बचत होगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान अधिकारियों ने “विमल एग ट्रे” के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नए उद्यम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतिष्ठान की प्रोपराइटर श्रीमती विमल देवी ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारीगण एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता की सेवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना होगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। पूरे समारोह का वातावरण उत्साह एवं हर्षोल्लास से परिपूर्ण रहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version