मधुबनी में युवाओं के सर्वांगीण विकास, जन-जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में हुई बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने की।

बैठक में युवाओं के विकास से जुड़े कार्यक्रमों, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और युवाओं को सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

MY Bharat पोर्टल पर विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने का निर्देश

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ युवा विकास कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष पंजीकरण अभियान के तहत जिले के सभी मध्य और उच्च विद्यालयों के विद्यार्थियों का MY Bharat पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने बताया कि MY Bharat पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता बढ़ाने, प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय स्तर के अवसरों से जुड़ने का मौका मिलेगा। इससे युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ सामाजिक सहभागिता भी मजबूत होगी।

साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर चलाएं जागरूकता अभियान

बैठक में जिलाधिकारी ने MY Bharat के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा और सड़क एवं यातायात सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने युवाओं से टीबी मुक्त भारत अभियान में भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इसके तहत निक्षय मित्र के रूप में कार्य करते हुए लोगों को समय पर टीबी जांच कराने और बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित करने को कहा।

नशा मुक्ति अभियान में युवाओं की भागीदारी पर जोर

जिलाधिकारी ने नशा मुक्त भारत अभियान में युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

जलाशयों के खतरे को लेकर लोगों को करें जागरूक

मानसून के मौसम को देखते हुए डीएम ने युवा स्वयंसेवकों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में बच्चों और अभिभावकों को नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के पास जाने से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करें, ताकि डूबने जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिले में बड़े स्तर पर युवा कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी, नवाचार और सामुदायिक सेवा के लिए प्रेरित किया जाएगा।

टीबी मुक्त भारत अभियान की भी हुई समीक्षा

बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में टीबी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार पूरा करें।

डीएम ने कहा कि विभागीय समन्वय, संगठित प्रयास और युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा से ही जागरूक, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

बैठक में जिला युवा पदाधिकारी (MY Bharat), जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, एनसीसी प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version