समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक – 29/04/2026
■समर्पण, साहस एवं सेवा की मिसाल सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्व कृष्ण भूषण कुमार को प्रशासन ने राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई*
मधुबनी 29 अप्रैल 2026
सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार के असामयिक निधन पर जिला प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुःखद अवसर पर जिलाधिकारी, आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक, योगेंद्र कुमार मधुबनी स्थित दिवंगत अधिकारी के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी पत्नी शालू कुमारी एवं अन्य शोक-संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया। जिलाधिकारी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय कृष्ण भूषण कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी एवं अत्यंत समर्पित अधिकारी थे। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया, जिसका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने दिवंगत अधिकारी की पत्नी शालू कुमारी को तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया। साथ ही, दिवंगत अधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि इस कठिन घड़ी में जिला प्रशासन शोकाकुल परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भी दिवंगत अधिकारी के कर्तव्यपरायण जीवन को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को इस असहनीय दुःख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया।
इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना के विशेष सचिव मनन राम एवं उप सचिव रंजन कुमार ने भी शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। नगर आयुक्त, उमेश भारती, डीपीआरओ, परिमल कुमार, एसडीओ, चंदन झा, एसडीपीओ, अमित कुमार सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला प्रशासन दिवंगत अधिकारी के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
———————- ———————————————————————
बिहार में शराब का व्यापार एवम सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबधित जानकारी टॉल फ्री नंबर 15545 या 18003456268 एवम जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष भीभीनंबर पर ’06276-222576 ’जरूर दे। आपकी पहचान गोपनीय रखी जायेगी ।
================
DPRO,MADHUBANI
