सीतामढ़ी, दिनांक — सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला वीबीडी नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. आर. के. यादव, प्रभारी एसीएमओ डॉ जेड जावेद, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मुकेश कुमार, डीएमई संतोष कुमार सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सहयोगी संस्थाओं की ओर से पिरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार, कार्यक्रम लीड रोहित कुमार, दुर्गा प्रसाद, बिकेश कुमार, यूनिसेफ से कुमार अभिषेक, पीएसआई इंडिया से विनय कुमार तथा वाधवानी एआई से राकेश कुमार सहित जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान फाइलेरिया नियंत्रण हेतु संचालित “सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम” की प्रखंडवार प्रगति की गहन समीक्षा की गई। घर-घर अभियान के उपरांत छूटे हुए परिवारों को चिन्हित कर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
परिवार नियोजन पखवाड़ा के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से समुदाय में जागरूकता बढ़ाने, जरूरतों का आकलन करने एवं आवश्यक सेवाएं सुलभ कराने के निर्देश दिए गए, जिससे जिले की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित हो सके।
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की पहचान कर पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही “भव्या पोर्टल” के प्रभावी क्रियान्वयन एवं डेटा अद्यतन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। सदर अस्पताल, सीतामढ़ी में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बेलसंड अनुमंडलीय अस्पताल में शीघ्र ही सी-सेक्शन (C-Section) की सुविधा प्रारंभ करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिले के सभी 446 स्वास्थ्य संस्थानों में “जन आरोग्य समिति” का गठन कर उनके बैंक खाते खुलवाने के निर्देश दिए गए, ताकि संस्थागत प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
आगामी एईएस (AES) को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं आमजन तक उनकी पहुंच में निरंतर सुधार लाने का आह्वान किया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
