समाहरणालय, सीतामढ़ी
(जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक :–02.03.2026
आमजनों की शिकायतों पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई – 156 डीजे जब्त
होली एवं आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण बनाने हेतु सघन अभियान तेज
आम नागरिकों — विशेषकर विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं महिलाओं — द्वारा लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन, सीतामढ़ी द्वारा ध्वनि प्रदूषण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सघन अभियान चलाया गया, जिसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 156 अवैध डीजे सेट जब्त किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अत्यधिक तेज ध्वनि से न केवल पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों की एकाग्रता प्रभावित होती है, बल्कि बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों एवं महिलाओं को भी भारी असुविधा होती है। इस दृष्टिकोण से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
होली एवं आने वाले पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में जिला परिवहन कार्यालय, मद्य-निषेध विभाग एवं यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट, बिना कागजात एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
इन बैठकों के माध्यम से पर्व-त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने की अपील की जा रही है, साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया जा रहा है।

जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने कहा —
“जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। विद्यार्थियों की पढ़ाई, बुजुर्गों के स्वास्थ्य एवं महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए डीजे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।
होली एवं अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान कोई भी व्यक्ति यदि विधि-व्यवस्था भंग करने, अशांति फैलाने या आपसी सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सभी नागरिकों से अपील है कि पर्व को प्रेम, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।”
कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध डीजे संचालन, शराब पीकर वाहन चलाना, हुड़दंग, अफवाह फैलाना, जबरन रंग लगाना या किसी भी प्रकार से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग एवं निगरानी लगातार जारी है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से सख्ती से निपटा जा सके।

विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु 17 सेक्टर पेट्रोलिंग वरीय पदाधिकारी, कुल 317 दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों तथा सशस्त्र /लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई।
सोशल मीडिया पर अश्लील एवं भड़काऊ पोस्ट करने वालों तथा जातिगत एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले पोस्ट पर की जाएगी सख्त कार्रवाई।
▪️सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
सोशल मीडिया पर किसी तरह के अफवाह फैलाने, जातिगत एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले पोस्ट के विरुद्ध आईपीसी एवं आई टी एक्ट के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, आपत्तिजनक वीडियो/ ऑडियो पोस्ट करने तथा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से विभिन्न धर्मो /जातियों या समुदायों के बीच शत्रुता,घृणा या वैमनस्य फैलाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध दं०प्र०सं०के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
▪️नियंत्रण कक्ष
उक्त अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन शाखा में 24x 7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष नंबर 06226-250 316 है। उक्त अवधि में पुपरी एवं बेलसंड एसडीओ के कार्यालय प्रकोष्ठ में नियंत्रण कक्ष कार्य करेगा जिसका नंबर है 06228- 224289,224811एवं 06226- 281600 है। नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्य करेगा।
▪️शराब माफियाओं के विरुद्ध करें सख्त कारवाई
निर्देश दिया गया है कि शराब की खरीद बिक्री में शामिल लोगों पर सख्ती बरती जाए ।लगातार छापेमारी की जाए। चिन्हित शराब माफियाओं पर नकेल कसते हुए विधि सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जाय। बॉर्डर एरिया में विशेष तौर पर ध्यान दें।
▪️अश्लील एवं भड़काऊ गीतों के विरुद्ध की जाएगी कठोर का कानूनी कार्रवाई
“इसके साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत BNSS की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत भी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।”