दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (NVIDIA) के अंदर कामकाज और नेतृत्व को लेकर एक नई रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। कंपनी के पूर्व प्रमुख जेनसन हुआंग की बेटी मैडिसन हुआंग को लेकर कर्मचारियों के बीच कथित तौर पर डर और असहजता का माहौल था। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मैडिसन का कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों पर भी काफी प्रभाव था और कई कर्मचारी उनके व्यवहार से परेशान थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, मैडिसन का आधिकारिक पद फिजिकल AI प्रोडक्ट मार्केटिंग में सीनियर डायरेक्टर का था, लेकिन कंपनी में उनकी भूमिका इससे कहीं अधिक प्रभावशाली बताई गई है। वह कथित तौर पर अपने पिता जेनसन हुआंग की चीफ ऑफ स्टाफ की तरह काम करती थीं। उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकों में शामिल होने और कंपनी के बोर्ड के सामने जानकारी रखने का भी अवसर मिलता था।
कर्मचारियों के अनुसार, मैडिसन कई बार बैठकों में सहकर्मियों पर नाराज हो जाती थीं। यदि कोई कर्मचारी पूछे गए सवाल का जवाब नहीं दे पाता था, तो वह उसे ‘गोल्डफिश’ या ‘डेड फेस’ जैसे शब्दों से संबोधित करती थीं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि उनके व्यवहार को लेकर कर्मचारियों ने मानव संसाधन विभाग (HR) में शिकायतें की थीं। इसके बाद उन्हें कई महीनों तक मैनेजमेंट स्टाइल सुधारने के लिए साप्ताहिक कोचिंग सेशन में शामिल होना पड़ा।
रिपोर्ट में फरवरी में भारत में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम की तैयारी का भी जिक्र किया गया है। बताया गया कि जेनसन हुआंग के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने के बाद वरिष्ठ अधिकारी जे पी पुरी को उनकी जगह भेजा गया था। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी नहीं होने पर मैडिसन ने कथित तौर पर कर्मचारियों को फटकार लगाई। इस दौरान जे पुरी ने भी उन्हें जवाब देते हुए कहा कि यदि वह चिल्लाना बंद करें, तो वह उनके सवालों का जवाब दे सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, जेनसन हुआंग भी अपनी बेटी के गुस्सैल व्यवहार से परिचित थे। यहां तक कि वह कभी-कभी कर्मचारियों से कहते थे कि उन्हें मैडिसन से डरना चाहिए। मैडिसन की अपने पिता तक सीधी पहुंच होने के कारण कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उनके सामने अपनी असहमति जाहिर करने से हिचकिचाते थे।
कुछ कर्मचारियों ने यह भी दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों ने मैडिसन के साथ काम करने में असहजता के कारण कंपनी छोड़ दी। हालांकि, ये दावे वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों के बयानों पर आधारित हैं।
