शहरवासियों के लिए जरूरी खबर है। 22 और 23 अक्टूबर को पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। शाम को पानी कम दबाव से आएगा। नगर निगम ने पहले से ही पानी स्टोर करने की अपील की है।
दरअसल, गांव झुंगियां में फेज-3 कजौली की 1200 एमएम व्यास की पीएससी पाइपलाइन को एमएस पाइपलाइन से बदला जा रहा है। इस काम के लिए दो दिन का शटडाउन लिया गया है। शटडाउन के कारण कजौली से सेक्टर-39 वाटर वर्क्स तक कच्चे पानी की पंपिंग 48 घंटे के लिए पूरी तरह बंद रहेगी।
नगर निगम की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, दोनों दिन सुबह पानी की सप्लाई सामान्य रहेगी। सुबह 3:30 बजे से 9 बजे तक पूरे दबाव के साथ पानी दिया जाएगा, ताकि लोग दिनभर के लिए पानी स्टोर कर सकें। शाम को सप्लाई प्रभावित रहेगी। शाम 6 से 8:30 बजे तक पानी कम दबाव पर आएगा। ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है।
गौरतलब है कि कजौली से शहर को रोजाना करीब 29 एमजीडी पानी की सप्लाई होती है, जो शहर की कुल जलापूर्ति का बड़ा हिस्सा है। इसलिए इस लाइन के बंद होने का असर पूरे शहर पर पड़ेगा।
