वृद्धावस्था पेंशन धारकों को हर वर्ष अपना जीवित प्रमाण पत्र ट्रेजरी में देना होता है। इसके लिए उन्हें कार्यालय भी आना जाना होता है। इससे राहत देते हुए अब उनके लिए ऑनलाइन प्रमाण पत्र देने की सुविधा सुचारू की गई है। इसके लिए पेंशनर अपने मोबाइल में जीवन प्रमाण पत्र एप डाउनलोड करके इस प्रक्रिया को घर बैठे ही पूरी कर सकते हैं।
यह है प्रक्रिया
पेंशनर अपने स्मार्टफोन के माध्यम से फेस रिकग्निशन की सुविधा का उपयोग करते हुए घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर प्रेषित कर सकते हैं। डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने के लिए पेंशनर सर्वप्रथम अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर से आधार फेस आरडी एप डाउनलोड करें। इसके उपरांत गूगल प्ले स्टोर से ही जीवन प्रमाण एप को खोलें।
एप में सर्वप्रथम डिवाइस रजिस्ट्रेशन एवं ऑपरेटर आईडेंटिफिकेशन की प्रक्रिया में आधार संख्या, आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी तथा ई-मेल आईडी दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें। इसके बाद फेस रिकग्निशन की प्रक्रिया पूरी करें।
तत्पश्चात पेंशनर आईडेंटिफिकेशन के अंतर्गत आधार संख्या, मोबाइल नंबर एवं ओटीपी सत्यापन के उपरांत पेंशनर का नाम, पेंशन का प्रकार, पेंशन वितरण एजेंसी, ट्रेजरी, पीपीओ संख्या, बैंक खाता संख्या तथा आईएफएससी कोड दर्ज करें।
समस्त विवरण भरने के उपरांत फेस रिकग्निशन की प्रक्रिया पूर्ण कर आवेदन को सबमिट कर सकते हैं। इसके बाद उनका डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन प्रेषित हो जाएगा।
