सीतामढ़ी, 12 अगस्त 2026। जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने बुधवार को बैरगनिया प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र और प्रखंड स्तर के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लापरवाही और अनियमितता सामने आने पर डीएम ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए संबंधित पदाधिकारियों के वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर परिषद बैरगनिया के कार्यों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। योजनाओं के क्रियान्वयन और प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित अभियंता के स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों का वेतन स्थगित करने का निर्देश देते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
बाइपास सड़क निर्माण की भी समीक्षा
जिलाधिकारी ने बैरगनिया में प्रस्तावित बाइपास सड़क निर्माण से संबंधित कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
योजनाओं की प्रगति की ली जानकारी
प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जीवन प्रमाणीकरण, पीएम सूर्य घर योजना और पीएम रोजगार योजना समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत बैरगनिया प्रखंड में अब तक 207 इंस्टॉलेशन किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के साथ पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।
आम लोगों के काम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश
अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम नागरिकों से जुड़े कार्यों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता पर होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने तथा जन शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा पर भी चर्चा
दौरे के दौरान जिलाधिकारी ने एसएसबी के अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विशेष रूप से शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आम जनता के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने तथा प्रशासनिक कार्यों में पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।#Sitamarhi #Bairgania #SitamarhiNews #BiharNews #RicheePandey #SitamarhiDM #BairganiaNews #GovernmentSchemes #PMSuryaGhar #IndiaNepalBorder #BorderSecurity #BiharDevelopment #AdministrativeReview