सीतामढ़ी। पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के तहत मेजरगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मेजरगंज थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वाहन जांच अभियान के दौरान ग्राम डुमर कला में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को रोका गया। जांच के दौरान उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्नलिखित के रूप में हुई है—
- विनय जायसवाल उर्फ विनय चौधरी
- रंजीत कुमार उर्फ रंजीत साह
इस संबंध में मेजरगंज थाना कांड संख्या 266/26 दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
- चोरी की मोटरसाइकिल – 02
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
विनय जायसवाल उर्फ विनय चौधरी के खिलाफ परसौनी और बैरगनिया थाना में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत पांच मामले दर्ज हैं।
वहीं रंजीत कुमार उर्फ रंजीत साह के खिलाफ मेजरगंज, रीगा और सुप्पी थाना क्षेत्रों में भारतीय दंड संहिता (IPC), भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मारपीट, चोरी के माल रखने और शराबबंदी कानून से जुड़े कुल सात मामले दर्ज हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की मोटरसाइकिलें कहां से लाई गई थीं तथा इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
