मधुबनी जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रशासन की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को कुल 16,841 एलपीजी गैस उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई। वहीं, जिले में विभिन्न तेल कंपनियों की ओर से कुल 14,301 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई।
इसमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के 5,841, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के 4,200 और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) के 4,260 सिलेंडर शामिल हैं।
गैस वितरकों को होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को परेशान किया जाता है, अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है या वितरण में लापरवाही बरती जाती है, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनावश्यक बुकिंग और भंडारण से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें और घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए करें।
साथ ही, कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई है। शिकायत या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।
पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
प्रशासन ने बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। 17 जुलाई 2026 को जिले में करीब 953.3 हजार लीटर पेट्रोल और 1244.3 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पेट्रोल और डीजल का अनावश्यक भंडारण न करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति से बचा जा सके।
जिला प्रशासन पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहा है और किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
