सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा प्रखंड के प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी के खिलाफ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के आरोपों को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में अनियमितता के संकेत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित पदाधिकारी के वेतन पर रोक लगा दी गई है।
यह मामला जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के दौरान सामने आया। कार्यक्रम में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, सोनबरसा के विरुद्ध एक परिवाद प्राप्त हुआ था।
परिवाद के आधार पर कराई गई प्रारंभिक जांच में संबंधित पदाधिकारी के बैंक खाते में कुछ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी सामने आई। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होने पर जिलाधिकारी ने इसकी विस्तृत जांच का जिम्मा उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को सौंप दिया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि जांच पूरी होने तक संबंधित प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी के वेतन का भुगतान स्थगित रखा जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विस्तृत जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
