सीतामढ़ी जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजना के तहत पूरे बिहार में पहला स्थान प्राप्त किया है। बिहार सरकार द्वारा जारी जिला स्तरीय रैंकिंग में सीतामढ़ी ने सभी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया।
गौरतलब है कि मई 2026 की रैंकिंग में सीतामढ़ी पांचवें स्थान पर था, जबकि जून माह की रैंकिंग में जिले ने लंबी छलांग लगाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है।
राज्य सरकार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन और सेवा गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न मानकों की विस्तृत समीक्षा के बाद यह रैंकिंग जारी की है।
इन मानकों पर मिला उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान
रैंकिंग के दौरान आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, सभी केंद्रों पर एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) की नियमित तैनाती, ओपीडी सेवाओं का संचालन, 14 प्रकार की जांच सुविधाएं, गैर-संचारी रोग (NCD) की स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, योग सत्रों का आयोजन, टेलीमेडिसिन सेवाएं, जन आरोग्य समिति की नियमित बैठकें और अन्य संचालन संबंधी मानकों का मूल्यांकन किया गया।
सीतामढ़ी ने इन सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य में पहला स्थान हासिल किया।
स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत का मिला परिणाम
यह उपलब्धि जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। पंचायत स्तर पर संचालित स्वास्थ्य उपकेंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित कर आम लोगों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डीएम ने दी पूरी टीम को बधाई
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम बताया।
