समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक – 13/07/2026
———————————————-
मधुबनी 13 जुलाई 2026
जिलाधिकारी, आनंद शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में ग्रामीण कार्य विभाग, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन एवं अन्य विकास योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में संचालित सड़क, पुल, पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री ग्रामीण विकास योजनाओं तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में कार्य प्रगति धीमी है अथवा निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन हुआ है, उनमें तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि अनेक परियोजनाएं भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत पोल स्थानांतरण, एनओसी की अनुपलब्धता तथा संवेदकों की धीमी प्रगति के कारण लंबित हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर इन बाधाओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में विशेष रूप से समय-सीमा पार कर चुकी सड़क एवं पुल निर्माण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिन परियोजनाओं में संवेदकों द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं की गई है, उनमें अनुबंध की शर्तों के अनुरूप कार्रवाई करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिन मामलों में संशोधित कार्ययोजना (PERT Chart) प्रस्तुत की गई है,उनके अनुरूप निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने पंचायत सरकार भवनों, कब्रिस्तान एवं मंदिर घेराबंदी तथा महादलित विकास मिशन से संबंधित लंबित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में भूमि विवाद, न्यायालयीन वाद अथवा प्रशासनिक अड़चनें हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक कार्य प्रमंडल साप्ताहिक प्रगति की नियमित समीक्षा करे तथा लंबित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति जिला प्रशासन को उपलब्ध कराए। गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करते हुए जनता को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए मिशन मोड में कार्य करें, जिससे जिले में आधारभूत संरचना के विकास को गति मिल सके।
बैठक में विभिन्न कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं सहित संबंधित विभागों के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
बिहार में शराब का व्यापार एवम सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबधित जानकारी टॉल फ्री नंबर 15545 या 18003456268 एवम जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर ’06276-222576 पर भी ’जरूर दे। आपकी पहचान गोपनीय रखी जायेगी ।
DPRO,MADHUBANI
