दरभंगा के रामनगर आइटीआइ से रोसड़ा समस्तीपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग 527 ई के प्रस्तावित टू लेन ग्रीनफील्ड एलाईमेंट में बहेड़ी प्रखंड को लिंक रोड जोड़ने की पहल गंभीरता से की जा रही है जिसका सार्थक परिणाम शीघ्र ही सामने आएगा।
सड़क परियोजना में बहेड़ी लिंक से जोड़ने की योजना
राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2026- 27 में इस सड़क परियोजना में बहेड़ी लिंक से जोड़ने की योजना को अनुमोदन के लिए प्रस्तावित किया गया है एवं शीघ्र ही इसकी स्वीकृति मिल जाएगी।
सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क पथ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा भेजे गए पत्र के आलोक में बताया कि इस सड़क परियोजना में बहेड़ी लिंक रोड के लिए 17 दिसंबर 2025 को केंद्रीय मंत्री गडकरी से दिल्ली में भेंटकर पत्र सौंपा था तथा शीघ्र पहल का आग्रह किया था।
जिसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने 11 जून को भेजे पत्र में बताया है कि इसके प्रस्ताव को अनुमोदन के प्रस्तावित किया गया है एवं शीघ्र ही अनुमोदन प्राप्त कर लिया जाएगा।
समस्तीपुर और दरभंगा के बीच आवागमन में काफी सुधार होगा
सांसद ने इस प्रस्तावित टू लेन ग्रीनफील्ड सड़क की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा है कि लगभग 40 किलोमीटर में 495.16 करोड़ की लागत से बनने वाले इस सड़क निर्माण से समस्तीपुर और दरभंगा के बीच आवागमन में काफी सुधार होगा।
रोसड़ा- समस्तीपुर और दरभंगा के बीच की कनेक्टिविटी बेहतर होगी जिससे यात्रियों को समय भी बचेगा और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
इसके निर्माण से जहां एक ओर आमस दरभंगा से जुड़ाव के कारण सड़क उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार का संपर्क सुगम हो जाएगा वहीं बिहार के एक छोर से दूसरे छोर तक की कनेक्टिविटी मजबूत हो जाएगी। बहेड़ी लिंक के माध्यम से इसका जुड़ाव सहरसा तक हो जाएगा।
