आमतौर पर तेरहवीं का आयोजन किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद होता है। परिवार और रिश्तेदार मिलकर इस रस्म को निभाते हैं, लेकिन जौहड़ी में एक बुजुर्ग ने इस परंपरा से अलग हटकर ऐसा फैसला लिया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। 80 साल के बलजौर सिंह ने अपनी तेरहवीं खुद आयोजित की। इतना ही नहीं, अपनी आंखों के सामने हवन कराया। सैकड़ों लोगों को सामूहिक भोज कराया और फिर परिवार की जिम्मेदारी की प्रतीक पगड़ी भी खुद ही बांधी। खास बात यह रही कि उन्होंने यह पगड़ी अपने नाती मुकुल को सौंपी। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री केपी मलिक समेत रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हुए।
बलजौर सिंह ने अपनी इस पहल के पीछे पारिवारिक जिम्मेदारी को वजह बताया। उनका कहना है कि उनके कोई बेटा नहीं है। उनकी एक बेटी पिंकी है, जो उनकी संपत्ति की वारिस है। ऐसे में उनके निधन के बाद तेरहवीं समेत अन्य पारिवारिक रस्मों की जिम्मेदारी बेटी पर आती। बेटी को इस जिम्मेदारी और अतिरिक्त बोझ से बचाने के लिए उन्होंने जीते जी ही तेरहवीं करने का निर्णय लिया। उनका मानना था कि जब वे स्वयं मौजूद हैं, तो अपनी आंखों के सामने सभी रस्में पूरी कर लें।
