विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद यात्रा पड़ाव गौरीकुंड में व्यवस्थाओं की अनदेखी सामने आने लगी है। यात्रा सीजन समाप्त होते ही यहां सफाई व्यवस्था चरमराने लगी है। डोली के गौरीकुंड से रवाना होने के अगले दिन ही सफाई कर्मियों के नदारद होने से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है।
व्यापारियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के लिए फिलहाल कोई कर्मचारी तैनात नहीं है। व्यापार संघ अध्यक्ष रामचंद्र गोस्वामी ने बताया कि यात्रा सीजन के दौरान सुलभ इंटरनेशनल की ओर से गौरीकुंड में सफाई व्यवस्था संचालित की जाती है।
लेकिन, बाबा केदारनाथ के कपाट बंद होने के बाद शीतकाल के छह महीनों में संस्था की ओर से यहां सफाई व्यवस्था नहीं की जाती। उन्होंने बताया कि पूर्व के वर्षों में जिला पंचायत की ओर से शीतकाल के दौरान गौरीकुंड में एक सफाई कर्मी की तैनाती की जाती थी।
लेकिन, इस वर्ष अभी तक कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि गौरीकुंड केवल केदारनाथ यात्रा का प्रमुख पड़ाव ही नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और निवासियों की आजीविका एवं दैनिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।
ऐसे में यात्रा समाप्त होने के बाद छह माह तक सफाई व्यवस्था की अनदेखी करना उचित नहीं है। क्षेत्र में नियमित सफाई न होने से आने वाले दिनों में गंदगी की समस्या और बढ़ सकती है।
व्यापार संघ ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेने और गौरीकुंड में शीतकाल के लिए नियमित सफाई कर्मचारी की तैनाती करने की मांग की है।
