समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 17/04/2026
⬛️ *सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
मधुबनी, 17 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत आयोजित “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
यह जनसंवाद कार्यक्रम आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में आने वाली कठिनाइयों का समाधान उपलब्ध कराने तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए दर्जनों लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनके समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान बिस्फी थाना क्षेत्र के गजवा ग्राम निवासी बिनोद कुमार ने बिजली बिल माफी एवं सुधार से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। पंडौल प्रखंड अंतर्गत ककना गांव की विमल देवी ने वासगीत पर्चावाली भूमि में हिस्सा नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं बासोपट्टी प्रखंड के कोरियानी निवासी स्मृति कुमारी ने अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराने हेतु आवेदन दिया।
इसी क्रम में नरार नवटोली निवासी लाल बहादुर सिंह ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर मकान एवं दुकान संचालन की शिकायत की। चचराहा बासोपट्टी निवासी धर्मेंद्र सिंह ने जालसाजी कर भूमि की अवैध खरीद-बिक्री किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। फुलपरास प्रखंड के ब्रह्मपुर निवासी लाल बहादुर साहु ने सेवानिवृत्ति के बाद भी भविष्य निधि राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। झिटकी निवासी संतोष शर्मा ने सामाजिक पोखरा भूमि से अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन दिया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित रहे तथा जिले भर से आए लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े।
उन्होंने कहा कि “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनहितैषी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक त्वरित सेवा उपलब्ध हो सके। —————————————————————————————* ..*
*आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे। किसी भी प्रकार की* *सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर*06276-222576 पर करे संपर्क।।**
=============== ===
।**
# DPRO,Madhubani
