एंट्री टैक्स को लेकर हिमाचल, पंजाब और हरियाणा की सीमाओं पर तनाव की स्थिति के मद्देनजर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि 5 और 12 सीटर वाहनों के एंट्री टैक्स जो दरें बढ़ाई गई थी, उसका युक्तिकरण कर दिया गया है। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि प्रदेश हित में राज्य के सीमावर्ती व पड़ोसी राज्यों में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास न करें।

सरकार ने गत रोज देर सांय एंट्री टैक्स की शुल्क दरों को जनहित में युक्तिकरण किया है। पहले पांच सीटर गाड़ी के 70 रुपये लिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 100 रुपये और 5 सीटर से 12 सीटर तक 130 रुपये लिए जाते थे, उसमें 30 रुपए कम कर 100 रुपये किया गया है। राज्य सरकार ने अन्य श्रेणियों के वाहनों के शुल्क में किसी तरह की कोई वृद्धि नहीं की है।

पंजाब के सीएम से बात कर खत्म करेंगे विवाद

विधानसभा में अपने कार्यालय में पड़ोसी दोनों राज्यों के साथ एंट्री टैक्स को लेकर स्थिति पर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी बातचीत कर विवाद को खत्म करने की कोशिश करूंगा। 

चार दशकों से चल रहा एंट्री टैक्स

सीएम का कहना था कि एंट्री टैक्स की व्यवस्था वर्तमान सरकार ने शुरू नहीं की है, इस तरह की व्यवस्था पिछले चार दशकों से चली आ रही है। एंट्री टैक्स की शुल्क दरों में केवल मामूली परिवर्तन किया गया है।

मुख्यमंत्री विधानसभा में कुछ कहते हैं और अधिसूचना कुछ : रणधीर शर्मा

एंट्री टैक्स के मामले में भाजपा के वरिष्ठ विधायक रणधीर शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री विधानसभा में कुछ कहते हैं और विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में एंट्री टैक्स की शुल्क दरें कुछ और हैं। उनका कहना था कि प्रदेश के साथ पंजाब व हरियाणा की सीमाओं पर आज भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सरकार को एंट्री टैक्स की संशोधित शुल्क दरों के बारे में प्रदेश के भीतर व बाहर अधिकारियों के स्तर पर स्थिति को स्पष्ट करना चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version