मधुबनी: आगामी 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मधुबनी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक में समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया गया और संबंधित विभागों को समयबद्ध जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, रंग-रोगन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने नगर निगम, भवन प्रमंडल, पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह स्थल को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस केंद्र परिसर में मरम्मत, रंगाई-पुताई, पेयजल, शौचालय, जलनिकासी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

सुबह 9 बजे होगा मुख्य ध्वजारोहण

बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 9:00 बजे पुलिस केंद्र परिसर में माननीय मंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद समाहरणालय, अनुमंडल कार्यालय, विकास भवन, जिला परिषद, जिला शिक्षा कार्यालय, नगर निगम और नगर थाना सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य समारोह में वीआईपी दीर्घा, मीडिया गैलरी, आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही टेंट, कुर्सियां, मंच, साउंड सिस्टम, जनरेटर और अन्य आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में राष्ट्रीय ध्वज सलामी और परेड की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बिहार पुलिस, एसएसबी, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न दल परेड में हिस्सा लेंगे। पूर्वाभ्यास निर्धारित तिथियों पर कराया जाएगा, जिसकी निगरानी स्वयं जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक करेंगे।

इसके अलावा राष्ट्रगान की प्रस्तुति के लिए छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, उनके आवागमन की व्यवस्था, समारोह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी तथा मंच संचालन की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों को सौंपी गई।

उत्कृष्ट परेड दलों को किया जाएगा सम्मानित

जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परेड टुकड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय चयन समिति गठित की गई है, जो विभिन्न दलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेगी।

बैठक में चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता, सुरक्षा घेरा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, वाहनों के प्रवेश-निकास, प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई और माल्यार्पण कार्यक्रम की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है। इसके आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समय सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियां पूरी कर स्वतंत्रता दिवस समारोह को अनुशासित, भव्य और यादगार बनाने के निर्देश दिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version