स्वच्छता के संकल्प को मिलेगा सम्मान, जिला प्रशासन आयोजित करेगा स्वच्छता चैलेंज प्रतियोगिता
स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने की पहल, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मिलेगा 25 हजार तक का पुरस्कार
स्वच्छता ही सेवा को जनअभियान बनाने की पहल, 22 सितंबर से शुरू होगा स्वच्छता चैलेंज का पंजीकरण
स्वच्छता के साथ रचनात्मकता को भी मिलेगा प्रोत्साहन, सर्वाधिक व्यूज वाली रील को मिलेगा पुरस्कार
24 सितंबर को जीवछ नदी में चलेगा वृहद स्वच्छता अभियान
~~~~
मधुबनी,
19 सितम्बर, 2026
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त तुषार कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वच्छता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रतियोगिता में जिले का कोई भी व्यक्ति, समूह अथवा संगठन भाग ले सकेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों का 22 सितंबर से गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण प्रारंभ होगा। इच्छुक व्यक्ति, समूह अथवा संगठन निर्धारित गूगल फॉर्म भरकर अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन व्यक्ति, समूह अथवा संगठन को जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 15 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इसी क्रम में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत आयोजित गतिविधियों एवं अभियानों से संबंधित रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले इनफ्लुएंसरों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। सर्वाधिक व्यूज प्राप्त करने वाली रील के इनफ्लुएंसर को 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त तुषार कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के माध्यम से जिले में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता चैलेंज प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों, समूहों एवं संगठनों को स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस प्रतियोगिता में भाग लें और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मधुबनी के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
गौरतलब है कि जिले में 17 सितंबर से स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता जागरूकता अभियान, जनजागरूकता रैली, वृक्षारोपण, विभिन्न प्रतियोगिताएं, खेल गतिविधियां तथा नदी एवं तालाब सहित उनके घाटों की साफ-सफाई जैसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का संचालन नगर निकायों, जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, वीबी जी राम-जी सहित संबंधित विभागों एवं संस्थाओं द्वारा किया जा रहा है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 24 सितंबर को नगर निगम के सहयोग से जीवछ नदी में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई के साथ-साथ आम लोगों को स्वच्छता एवं जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, डीआरडीए निदेशक मो. सरफराजुद्दीन, राघवेंद्र कुमार, डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित, डीपीओ वीबी जी राम-जी अशोक कुमार राय, जिला समन्वयक एलएसबीए संजीव कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन, जिला सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधक आशीष कुमार, प्रशांत कुमार, विवेक कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
